गढ़वा: सदर अस्पताल परिसर में रविवार को झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ की गढ़वा जिला इकाई की बैठक हुई। बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों और आने वाले दिनों में प्रस्तावित आंदोलन को लेकर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रदेश सह जिला अध्यक्ष नीरज तिवारी ने की, जबकि संचालन जिला सचिव रितेश रंजन ने किया। इस दौरान संगठन को और मजबूत करने के लिए जिला कमेटी का विस्तार भी किया गया।
नई जिम्मेदारियों के तहत एमडी बिस्मिल्ला अंसारी को उपाध्यक्ष बनाया गया। अमरेंद्र पांडेय और हरिदर्शन कुमार रवि को उपसचिव की जिम्मेदारी दी गई। वहीं लक्ष्मी चौधरी, प्रवेश प्रजापति और अनुज कुमार को कार्यालय मंत्री बनाया गया।
विक्की चौधरी और राजेश कुमार को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में कर्मचारियों ने चरणबद्ध आंदोलन को लेकर अपनी रणनीति साझा की और सभी सदस्यों से एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की।
बैठक में बड़ी संख्या में एंबुलेंस कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में सभी ने कर्मचारियों के हित में एकजुट होकर काम करने और प्रस्तावित आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।




