Sacramento, USA: अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सैक्रामेंटो से एक बेहद खौफनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सिरफिरे आशिक ने भारतीय मूल की महिला की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी।
मृतका की पहचान शालिनी ठाकुर के रूप में हुई है। आरोपी रोहित (22) पिछले एक साल से शालिनी का पीछा कर रहा था और कोर्ट का स्टे होने के बावजूद उन्हें लगातार परेशान कर रहा था। वारदात को अंजाम देने के बाद जब पुलिस ने आरोपी को हाईवे पर घेरा, तो उसने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
रेस्टोरेंट के बाहर की गई वारदात
यह सनसनीखेज घटना सैक्रामेंटो के आर्डेन-आर्केड इलाके में स्थित पानेरा ब्रेड आउटलेट के बाहर हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब शालिनी रेस्टोरेंट से बाहर निकलीं, तो आरोपी रोहित ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। अपनी जान बचाने के लिए शालिनी वहां से भागीं, लेकिन आरोपी ने उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब शालिनी जमीन पर गिर गईं, तो आरोपी ने बिल्कुल करीब जाकर उनके सिर में दोबारा गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी अपनी कार लेकर फरार हो गया।
हाईवे पर पुलिस की घेराबंदी और आत्महत्या
घटना की सूचना मिलते ही कैलिफोर्निया हाईवे पेट्रोल और शेरिफ विभाग की टीमें हरकत में आ गईं। पुलिस ने हाईवे 50 पर आरोपी की गाड़ी को बख्तरबंद वाहनों से चारों तरफ से घेर लिया। खुद को पूरी तरह घिरा हुआ पाकर आरोपी रोहित ने कार के अंदर ही अपनी पिस्तौल से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौत हो गई।
एक साल से प्रताड़ित कर रहा था आरोपी
शालिनी की मां ने बताया कि आरोपी रोहित पिछले एक साल से उनकी बेटी को बुरी तरह प्रताड़ित कर रहा था। रोहित शालिनी से शादी करना चाहता था, लेकिन दोनों की उम्र में 16 साल का बड़ा अंतर होने के कारण शालिनी ने साफ इनकार कर दिया था। इसके बाद से ही आरोपी की सनक लगातार बढ़ती चली गई।
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, सितंबर 2025 में डिलीवरी ऐप के काम के सिलसिले में शालिनी की मुलाकात रोहित से हुई थी, जिसके बाद से उसकी हरकतें खतरनाक होती गईं। आरोपी कई-कई घंटों तक शालिनी के घर के बाहर खड़ा रहता था। उसने शालिनी की कार की लोकेशन ट्रैक करने के लिए गाड़ी के नीचे एप्पल एयरटैग तक छुपा रखा था।
इतना ही नहीं, आरोपी ने शालिनी के फ्लैट की नकली चाबी भी बनवा ली थी और एक दिन जब वह सो रही थीं, तो चुपके से घर में भी घुस गया था। हालांकि, 19 मई को शालिनी ने उसके खिलाफ संरक्षण (प्रोटेक्शन) आदेश प्राप्त कर लिया था, लेकिन आरोपी ने जुलाई के आखिर में उनके घर के बाहर सामान छोड़कर इस आदेश का कई बार उल्लंघन किया।




