फॉण्ट कनवर्टर NEW

पटना में जाम से निपटने की नई तैयारी, AI बताएगा 40 मिनट पहले ट्रैफिक का हाल

राजधानी पटना में रोज लगने वाले ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए अब तकनीक का सहारा लेने की तैयारी है। पथ निर्माण विभाग में शनिवार को आयोजित एक दिवसीय कार्यक्रम में शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए AI आधारित ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम

अपनी भाषा में पढ़ें

पटना : राजधानी पटना में रोज लगने वाले ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए अब तकनीक का सहारा लेने की तैयारी है। पथ निर्माण विभाग में शनिवार को आयोजित एक दिवसीय कार्यक्रम में शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए AI आधारित ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में पटना के प्रमुख जाम वाले इलाकों की पहचान कर उनके स्थायी समाधान पर मंथन किया गया। डाक बंगला, पटना जंक्शन, जीपीओ गोलंबर, एग्जीबिशन रोड, बोरिंग रोड, गांधी मैदान, पीएमसीएच, अशोक राजपथ, सगुना मोड़, अनीसाबाद और बेली रोड जैसे इलाकों में लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव को कम करने पर विशेष जोर दिया गया।

40 मिनट पहले मिल सकेगी जाम की जानकारी

प्रस्तावित AI सिस्टम की मदद से संभावित ट्रैफिक जाम का 30 से 40 मिनट पहले अनुमान लगाया जा सकेगा। इसके आधार पर ट्रैफिक सिग्नल और डायवर्जन को जरूरत के मुताबिक बदला जा सकेगा। इससे जाम बढ़ने से पहले ही ट्रैफिक को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

पटना के मौजूदा इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के बुनियादी ढांचे का इस्तेमाल करते हुए इसमें एक नई ‘इंटेलिजेंस लेयर’ जोड़ने का प्रस्ताव रखा गया है।

ई-रिक्शा और ऑटो के लिए भी बनेगी व्यवस्था

स्टेशन और बाजारों के आसपास ई-रिक्शा और ऑटो के अनियंत्रित ठहराव को रोकने के लिए जियोफेंसिंग, वर्चुअल स्टैंड और शेड्यूलिंग जैसी तकनीक इस्तेमाल करने की योजना है। मेट्रो स्टेशनों के आसपास यात्रियों की भीड़ और ड्रॉप-ऑफ व्यवस्था को भी तकनीक के जरिए नियंत्रित किया जाएगा।

हादसा होते ही एंबुलेंस को मिलेगा अलर्ट

सड़क दुर्घटनाओं से निपटने के लिए AI से दुर्घटना की पहचान, नजदीकी एंबुलेंस को तत्काल सूचना और ग्रीन कॉरिडोर उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। इसका लक्ष्य घायल व्यक्ति को कम से कम समय में अस्पताल पहुंचाना है।

इसके अलावा AI की मदद से सड़क किनारे अवैध पार्किंग और अतिक्रमण की पहचान की जाएगी। बारिश और जलजमाव के दौरान प्रभावित सड़कों की पहले से जानकारी देकर ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों पर भेजने की भी योजना है।

अधिकारियों ने तैयार किया तकनीकी ड्राफ्ट

कार्यक्रम में सीआरआरआई के पूर्व निदेशक और आईआईटी बॉम्बे के पूर्व प्रोफेसर पीके सिकदर तथा आर्केडिस आईबीआई ग्रुप के इंडिया ऑपरेशन्स के कंट्री हेड वेंकटा चुंदुरू ने यातायात प्रबंधन से जुड़े तकनीकी ड्राफ्ट का प्रस्तुतीकरण किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने की। बैठक में नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने कहा कि पटना समेत राज्य के प्रमुख शहरी क्षेत्रों में यातायात दबाव कम करने के लिए अब तकनीक आधारित और जमीन पर लागू होने वाली कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram