फॉण्ट कनवर्टर NEW

पार्टी के दौरान कहासुनी पर दोस्त ने ही मारी थी राजन तिर्की को गोली

पोटपोटो नदी से शव बरामद, ड्रोन की मदद से मिली लाश, 3 गिरफ्तार

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi: जिले के कांके थाना क्षेत्र अंतर्गत चौड़ी बस्ती में 9,000 रुपये की पार्टी को लेकर हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को उफनती पोटपोटो नदी में बहा दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर दिया है और घटना में शामिल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से एक 7.65 एमएम पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, प्रयुक्त मोटरसाइकिल और तीन स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं।

खून के निशानों से शुरू हुई जांच

घटना की शुरुआत 8 सितंबर की रात को हुई, जब कांके थाना प्रभारी को चौड़ी बस्ती स्थित मसना के पास गोली चलने की गुप्त सूचना मिली। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो सड़क पर भारी मात्रा में खून बिखरा हुआ था और उसके घसीटे जाने के निशान (रैखिक प्रसार) थे। हालांकि, वहां कोई घायल व्यक्ति नहीं मिला। मामला गंभीर होने के कारण वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।

ड्रोन कैमरे की मदद से मिला शव

पुलिस ने जब जमीन पर गिरे खून के निशानों का पीछा किया, तो वे पास ही बहने वाली पोटपोटो नदी के किनारे तक जा पहुंचे। नदी के किनारे और मिट्टी पर खून की बूंदें पाई गईं। इसके बाद पुलिस ने नदी में खोजबीन शुरू की। 11 सितंबर 2026 की सुबह ड्रोन कैमरे और पुलिस बल की मदद से सघन तलाशी के दौरान जयप्रकाश नगर स्थित नदी तट पर एक शव तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान चामा (बुकरू) निवासी राजन तिर्की (पिता स्व. लघु उरांव) के रूप में हुई। उनके दाहिने कान के पास गोली लगने का गहरा जख्म था।

9,000 रुपये और कार बिक्री से जुड़ा विवाद

तकनीकी साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने तीन अभियुक्तों संजय गाड़ी, आकाश महली उर्फ चुद्ध और नीतिन उरांव (सभी निवासी चौड़ी बस्ती, कांके) को हिरासत में लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी संजय गाड़ी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि संजय गाड़ी को अपनी पुरानी कार बेचने के एवज में 9,000 रुपये एडवांस मिले थे। मृतक राजन तिर्की और अन्य दोस्तों ने उस पर पार्टी देने का दबाव बनाया और पैसे छीन लिए। पार्टी के दौरान मसना के पास राजन और संजय के बीच तीखी बहस हो गई। गुस्से में आकर संजय ने अपनी कमर में रखी पिस्टल निकाली और राजन को गोली मार दी। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर शव को पोटपोटो नदी के तेज बहाव में फेंक दिया। रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी संजय गाड़ी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है; उसके खिलाफ सुखदेवनगर थाने में मामला दर्ज है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram