Patna: बिहार में आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। स्वास्थ्य सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के कड़े निर्देशों के बाद राज्यभर में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, औचक निरीक्षण और नमूना संग्रहण का अभियान तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में हाजीपुर, दरभंगा और पटना जिलों में खाद्य सुरक्षा टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़े पैमाने पर मिलावटी और एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों को नष्ट कराया है।
हाजीपुर में मिलावटी पनीर और दरभंगा में एक्सपायर्ड दूध पर एक्शन
वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित स्टेशन रोड पर खाद्य सुरक्षा टीम ने मिलावट के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की। सुधीर किराना दुकान से 14 किलोग्राम और श्री गणेश पनीर हाउस से 58 किलोग्राम पनीर जब्त किया गया, जिसमें स्टार्च की मिलावट पाई गई थी। दोनों जगहों पर कुल 72 किलो मिलावटी पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया और सैंपल लैब भेजे गए।
वहीं, दरभंगा जिले के बेनीपुर स्थित आशापुर चौक के सुधा मिल्क पार्लर में जांच के दौरान 21 लीटर एक्सपायर्ड सुधा मिल्क और 18 किलोग्राम खराब पनीर मिला, जिसे खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत तुरंत विनष्ट कर दिया गया।
फतुहा में दूध में फॉर्मेलिन की पुष्टि और सप्लीमेंट्स पर रेड
पटना जिले के सबलपुर फतुहा क्षेत्र में अधिकारियों की मौजूदगी में राजीव डेयरी के दूध और पनीर की जांच की गई। जांच के दौरान दूध के नमूने में खतरनाक रसायन ‘फॉर्मेलिन’ की पुष्टि हुई, जिसके बाद करीब 126 लीटर दूध को नष्ट करा दिया गया।
इसके अलावा, फतुहा थाना क्षेत्र के बाजितपुर स्थित ‘Alexa Foods and Supplements’ के निर्माण इकाई पर स्वास्थ्य विभाग, औषधि निदेशालय, आयुष और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। परिसर से मैन्युफैक्चरिंग इक्विपमेंट, रॉ मटेरियल और फूड सप्लीमेंट्स के नमूने जब्त किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
पटना शहर में भी औचक निरीक्षण
राजधानी पटना के प्रतिष्ठित प्रतिष्ठान ‘संतुष्टि स्वीट्स’ और उसकी विनिर्माण इकाई पर भी खाद्य सुरक्षा टीम ने औचक निरीक्षण किया। टीम ने संचालकों को साफ-सफाई और स्वच्छता के कड़े निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि मिलावटी, असुरक्षित या एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




