फॉण्ट कनवर्टर NEW

योगी आदित्यनाथ का ऐलान, यूपी में 17 सितंबर से चलेगा सेवा संकल्प अभियान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में घोषणा की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा।

अपनी भाषा में पढ़ें

Lucknow: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ में एक प्रेस वार्ता के दौरान बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की एक ऐतिहासिक यात्रा रहे हैं। प्रधानमंत्री के हेड ऑफ स्टेट के रूप में 7 अक्टूबर को 25 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं, जिसके उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर यानी ‘सेवा दिवस’ से 17 अक्टूबर तक विशेष ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।

सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, उनकी नीतियों और देशहित में किए गए कार्यों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता राज्यभर में जनता के बीच जाकर 11 प्रमुख कार्यक्रमों के माध्यम से इन उपलब्धियों की जानकारी देंगे।

देश को मिली नई वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से भारत के विकास और वैश्विक प्रभाव में अभूतपूर्व तेजी आई है। प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात को वेलफेयर स्टेट और आधुनिक तकनीक का केंद्र बनाने के बाद देश में ऐसी जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू किया, जिनकी पहले कल्पना करना भी मुश्किल था। आज भारत किसी भी कमजोर या गरीब देश के बजाय दुनिया का नेतृत्व करने वाली ताकत के रूप में उभर चुका है। जी-20 और ब्रिक्स सम्मेलनों के सफल आयोजन इस बात का प्रमाण हैं कि वैश्विक मंच पर भारत की स्वीकार्यता लगातार बढ़ रही है।

सांस्कृतिक पुनर्जागरण और विरासत का सम्मान

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को गुलामी की मानसिकता से मुक्त कराने के साथ ही अपनी समृद्ध संस्कृति और विरासत के संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। अयोध्या में 500 वर्षों के बाद भव्य राम मंदिर का निर्माण और प्रयागराज महाकुंभ का सफल आयोजन इस बात का प्रतीक है कि भारत अपनी प्राचीन परंपराओं को आधुनिक विकास के साथ आगे बढ़ा रहा है।

औद्योगिक विकास और डबल इंजन सरकार का असर

इस अवसर पर मौजूद भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘लोकल फॉर वोकल’ के विजन का असर देश के औद्योगिक विकास में साफ दिखाई दे रहा है। आज देश में चिप से लेकर शिप तक का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों के चलते उत्तर प्रदेश की पहचान पूरी तरह बदली है और आज राज्य एक्सप्रेसवे का बड़ा हब बन चुका है। केंद्र सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने में उत्तर प्रदेश देश में सबसे आगे है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram