रांची: राजधानी रांची के अरगोड़ा चौक पर शुक्रवार देर रात सड़क हादसे में अंकित सिंह नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि हरमू की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बलेनो कार ने स्कूटी सवार अंकित को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि अंकित स्कूटी से दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक, अंकित अपने दोस्तों के साथ अरगोड़ा की ओर से कटहल मोड़ स्थित अपने घर जा रहा था। इसी दौरान अरगोड़ा चौक के पास हरमू की तरफ से आ रही कार ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे के बाद कार का बंपर टूटकर सड़क पर गिर गया। वहीं, कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।




