रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2026-27 के चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार, 13 सितंबर को मारवाड़ी भवन, हरमू रोड में मतदान होगा।
शुक्रवार को चुनाव समिति ने मतदान स्थल का जायजा लिया। चुनाव कार्य में लगे सीए और सीएस इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों और अन्य कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया और उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।
चुनाव समिति ने मतदाताओं के प्रवेश, जरूरी दस्तावेजों के सत्यापन, मतदान और मतगणना से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।
चुनाव समिति के चेयरमैन अंचल किंगर ने कहा कि चुनाव की सभी तैयारियां तय कार्यक्रम के अनुसार पूरी कर ली गई हैं। मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
को-चेयरमैन पवन शर्मा ने मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित समय पर मतदान स्थल पहुंचकर शांतिपूर्ण तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
9 बजे से 5 बजे तक होगा मतदान
चैंबर चुनाव में 21 कार्यकारिणी सदस्यों और 3 प्रमंडलीय क्षेत्रीय उपाध्यक्षों के चुनाव के लिए मतदान होगा। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मारवाड़ी भवन, हरमू रोड, रांची में कराया जाएगा।




