रांची: कोयला घोटाले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अब कोयला कारोबारी कुंभनाथ सिंह के परिवार पर फोकस बढ़ा दिया है। एजेंसी ने कुंभनाथ सिंह की पत्नी जया देवी को समन जारी कर 11 सितंबर को पूछताछ के लिए बुलाया है।
जया देवी को सुबह 11 बजे रांची स्थित ED के क्षेत्रीय कार्यालय में पहुंचने को कहा गया है। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान उनके नाम से जुड़ी कुछ चल-अचल संपत्तियों के दस्तावेज एजेंसी के हाथ लगे हैं।
संपत्ति और निवेश पर होंगे सवाल
ED जया देवी से उनकी संपत्तियों की खरीद और उसमें लगाए गए पैसों के स्रोत के बारे में जानकारी ले सकती है। एजेंसी ने उन्हें पूछताछ के दौरान जरूरी दस्तावेज भी साथ लाने को कहा है।
इनमें जया देवी और उनके परिवार के सदस्यों की चल-अचल संपत्तियों से संबंधित जानकारी शामिल है।
परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ
कोयला घोटाले की जांच के दूसरे चरण में हुई छापेमारी के बाद ED ने एलबी सिंह के परिवार और रिश्तेदारों से जुड़े लोगों पर भी शिकंजा कसना शुरू किया है।
एजेंसी वित्तीय लेन-देन, संपत्तियों में निवेश और परिवार के सदस्यों के नाम पर किए गए निवेश से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
160 करोड़ के म्यूचुअल फंड निवेश की जांच
जांच में करीब 160 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड निवेश की जानकारी सामने आने की बात कही गई है। ED ने इस निवेश को फ्रीज किया था। बताया गया है कि निवेश का बड़ा हिस्सा एलबी सिंह के परिवार और रिश्तेदारों के नाम पर है।
इस मामले में ED पहले ही एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह, साले रंजीत कुमार सिंह और भाई विश्वविजय सिंह से पूछताछ कर चुकी है।
अब जया देवी को समन भेजे जाने के बाद माना जा रहा है कि जांच का दायरा परिवार से जुड़े अन्य लोगों तक भी बढ़ रहा है।




