रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) ने अपने कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके आश्रितों के लिए दो नए ऑनलाइन पोर्टल शुरू किए हैं। इनका शुभारंभ 10 सितंबर 2026 को CCL मुख्यालय, रांची के मंथन सभागार में किया गया।
CCL के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने CPRMSE/NE 2.0 Portal और Online Dependent Employment Portal का उद्घाटन किया। इस मौके पर निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
घर बैठे जमा होगा मेडिकल क्लेम
CPRMSE/NE 2.0 Portal के माध्यम से सेवानिवृत्त कर्मचारी अब घर बैठे मेडिकल क्लेम और रिम्बर्समेंट से जुड़े दस्तावेज ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। वे अपने आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन देख सकेंगे और किसी आपत्ति या कमी का जवाब भी पोर्टल के माध्यम से दे सकेंगे।
पोर्टल पर संबंधित विभागों के बीच क्लेम की ऑनलाइन प्रक्रिया, कार्य आवंटन और डिजिटल रिकॉर्ड की सुविधा होगी। SMS और मोबाइल अलर्ट के जरिए भी जरूरी जानकारी दी जाएगी। इससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
आश्रित रोजगार के आवेदन भी ऑनलाइन
Online Dependent Employment Portal के जरिए सेवा के दौरान दिवंगत कर्मचारियों के आश्रित रोजगार या NCWA के तहत आर्थिक मुआवजे से जुड़े मामलों की प्रक्रिया आसान होगी।
आश्रित ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और अपने मामले की स्थिति भी देख सकेंगे। आवेदन में किसी कमी या प्रक्रिया के अगले चरण की जानकारी SMS और ई-मेल के जरिए दी जाएगी। अधिकारियों के लिए मामलों की निगरानी के लिए डैशबोर्ड की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
CCL की इन-हाउस टीम ने तैयार किए पोर्टल
दोनों पोर्टल CCL के सिस्टम डिपार्टमेंट की इन-हाउस तकनीकी टीम ने तैयार किए हैं। कंपनी के अनुसार, इससे डिजिटल तकनीक और उपलब्ध मानव संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल हुआ है।
सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने दोनों पोर्टलों के इन-हाउस विकास को CCL की तकनीकी क्षमता और नवाचार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके परिवारों को सेवाएं अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
CCL के अनुसार, इन दोनों पोर्टलों से सेवा प्रक्रिया अधिक पेपरलेस, पारदर्शी और सुविधाजनक होगी।




