फॉण्ट कनवर्टर NEW

चाईबासा में मंदिर चोरी का बड़ा खुलासा, आरोपी से दानपेटी बरामद

Chaibasa news: पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित चाईबासा के रानी सती मंदिर, आमला टोली में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई दानपेटी और

अपनी भाषा में पढ़ें

Chaibasa news: पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित चाईबासा के रानी सती मंदिर, आमला टोली में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई दानपेटी और उसमें रखे 11,730 रुपये बरामद किए हैं। घटना में इस्तेमाल लोहे का सब्बल और आरोपी का मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किया है।

रविवार को चाईबासा सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ बहामन टूटी ने बताया कि 14 अगस्त को मंदिर में चोरी की शिकायत मिलने के बाद सदर थाना में कांड संख्या 77/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के दौरान पुलिस को चोरी की घटना को अंजाम देने वाले युवक की पहचान करने में सफलता मिली।

पुलिस ने तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर सोमा अंगारिया उर्फ राहुल अंगारिया (20) को चिह्नित किया। वह मनोहरपुर थाना क्षेत्र के हाकागुई गांव का रहने वाला है और वर्तमान में चाईबासा के मेरी टोला में रह रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने रात के समय लोहे के सब्बल से मंदिर का ताला तोड़कर दानपेटी चोरी कर ली थी। दानपेटी में करीब 10 से 15 हजार रुपये होने की जानकारी सामने आई थी।

पुलिस अधीक्षक चाईबासा के निर्देश पर एसडीपीओ बहामन टूटी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए 15 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी की गई दानपेटी और उसमें मौजूद 11,730 रुपये बरामद किए गए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल और काला रंग का OPPO A5 Pro मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मनोहरपुर, चक्रधरपुर, गोईलकेरा और सदर थाना क्षेत्रों में चोरी के सात मामले पहले से दर्ज हैं। आरोपी को पुलिस ने न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बरामद राशि में 500 रुपये के छह नोट, 100 रुपये के 29 नोट, 50 रुपये के 43 नोट, 20 रुपये के 53 नोट, 10 रुपये के 160 नोट के अलावा 10 और 5 रुपये के सिक्के शामिल हैं।

कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर चौधरी, पुलिस अवर निरीक्षक सैनिक सामड, अभय कुमार, सहायक अवर निरीक्षक धमेन्द्र सिंह और आरक्षी 1391 सोमराय मुर्मु शामिल थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram