Bokaro news: चास के सुल्तान नगर स्थित उर्दू विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर्षोल्लास के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया गया। कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के उपाध्यक्ष एवं चास नगर निगम के पूर्व उपाध्यक्ष अब्दुल वाहिद खान तथा अधिवक्ता जेबा तरन्नुम ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने तिरंगे को सलामी दी।
इसके बाद राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया गया तथा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर अधिवक्ता जेबा तरन्नुम ने विद्यालय के बच्चों के बीच मिठाइयां और टॉफियां वितरित कीं। बच्चों में इसे लेकर काफी उत्साह देखा गया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति से जुड़े वातावरण के बीच स्वतंत्रता दिवस का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





