Bogota, Colombia: कोलंबिया में सोमवार को आए 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली और विनाशकारी भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 132 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है, जबकि 570 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र राजधानी बोगोटा से लगभग 280 किलोमीटर पश्चिम में स्थित चोको क्षेत्र के सैन जोस डेल पाल्मीरा के पास जमीन से 107 किलोमीटर की गहराई में था। इस तेज झटके के कारण पूरे देश में जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
पेरेरा शहर में सबसे ज्यादा तबाही और 60 मौतें

भूकंप का सबसे घातक असर पेरेरा शहर में देखने को मिला है, जहां अकेले 60 लोगों की जान चली गई है। राष्ट्रपति अबेलार्दो डे ला एस्प्रिएला ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि आपदा के कारण 1,577 से अधिक रिहायशी मकानों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा दर्जनों बहुमंजिला इमारतें और व्यावसायिक ढांचे पूरी तरह ढहकर मलबे में तब्दील हो गए हैं। आपदा के बाद से लगभग 2000 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं।
स्कूल और अस्पताल ढहे, मलबे में दबे लोग
आपदा में बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार 18 स्वास्थ्य केंद्र और 52 स्कूल क्षतिग्रस्त या ढह गए हैं। इसके साथ ही काली शहर में स्थित यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल का एक बड़ा हिस्सा गिर गया है, जिसके मलबे में कई मरीजों और बच्चों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। वर्तमान में बचाव दल और सेना की टुकड़ियां युद्धस्तर पर राहत व बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।
हवाई सेवाएं बाधित और अमेरिका से आर्थिक मदद
भूकंप के बाद सुरक्षा जांच और रनवे के निरीक्षण के चलते पेरेरा, मानिजालेस, आर्मेनिया और क्विबदो सहित कई प्रमुख हवाई अड्डों से सामान्य उड़ानों का संचालन सीमित कर दिया गया है। फिलहाल इन हवाई अड्डों का उपयोग केवल मेडिकल और आपातकालीन राहत उड़ानों के लिए ही किया जा रहा है। सड़कों के क्षतिग्रस्त होने से दूरदराज के क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने में परेशानी आ रही है। इस बीच संकट से निपटने के लिए अमेरिका ने कोलंबिया को 1.55 करोड़ डॉलर की आपातकालीन सहायता देने की घोषणा की है, जिसका इस्तेमाल भोजन, आश्रय और चिकित्सा में होगा। कोलंबियाई भूविज्ञान सेवा के अनुसार मुख्य झटके के बाद कई आफ्टरशॉक्स भी दर्ज किए गए हैं।





