Jamshedpur: एमजीएम थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बालीगुमा में गुमटी की आड़ से गांजा और प्रतिबंधित नशीली सिरप बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 2 किलो 60 ग्राम गांजा, कोडीन फॉस्फेट युक्त सात बोतल ONEREX सिरप, गांजा बिक्री से प्राप्त 3,320 रुपये नकद समेत अन्य सामान बरामद किया है।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने रविवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 8 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि बालीगुमा स्थित एनएच-33 पर किया कार शोरूम के समीप एक गुमटी में नितेश कुमार झा उर्फ राजू झा अवैध रूप से गांजा और प्रतिबंधित नशीली सिरप की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने गुमटी की घेराबंदी कर मौके से नितेश कुमार झा उर्फ राजू झा को गिरफ्तार कर लिया। गुमटी की तलाशी लेने पर कुल 2 किलो 60 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसमें 790 ग्राम गांजा छोटे-छोटे पुड़िया में पैक था, जबकि 1 किलो 270 ग्राम गांजा हरे रंग की पॉलीथिन में रखा गया था। इसके अलावा 100 एमएल की ONEREX Codeine Phosphate Syrup की सात बोतल, 3,320 रुपये नकद, डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, 11 मिट्टी के चिलम और एक रेडमी स्मार्टफोन भी बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से गांजा के अवैध कारोबार में शामिल होने की जानकारी दी है। इस मामले में एमजीएम थाना कांड संख्या 90/2026, दिनांक 8 अगस्त 2026 के तहत बीएनएस की धारा 111(2)(i), 277 और 278, एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B), 21(b), 22 और 29 तथा ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धारा 27(b)(ii) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 34 वर्षीय नितेश कुमार झा उर्फ राजू झा, पिता प्रदीप झा, निवासी बालीगुमा दुर्गा मंदिर के पीछे, एमजीएम थाना क्षेत्र, पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है। छापामारी टीम में पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार, एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास, पुलिस अवर निरीक्षक आनंद कुमार, सहायक अवर निरीक्षक मो. माजिद उद्दीन, सहायक अवर निरीक्षक नरेंद्र बिहारी सिंह समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।





