Patna: बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने पुलिस के सहयोग से जुलाई माह में राज्यभर में व्यापक अभियान चलाया। 1 से 31 जुलाई के बीच अवैध शराब के खिलाफ 1,21,199 छापेमारी की गई। इस दौरान 11,586 मामले दर्ज किए गए और 13 हजार से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया।
जुलाई में कितनी शराब जब्त हुई?
विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान 6,94,355 लीटर देसी और विदेशी शराब जब्त की गई। इसके अलावा कार्रवाई के दौरान एक हजार से अधिक वाहनों को भी जब्त किया गया। इनमें 809 दोपहिया के साथ अन्य तिपहिया, चारपहिया वाहन और ट्रक शामिल हैं।
कार्रवाई को और कैसे किया जा रहा है मजबूत?
मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए अभियान को लगातार मजबूत किया जा रहा है। शिकायतों के त्वरित निष्पादन, नियमित छापेमारी और सतत निगरानी पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
निगरानी के लिए किन तकनीकों का हो रहा उपयोग?
विभाग के अनुसार, दूरदराज के इलाकों में निगरानी के लिए ड्रोन का उपयोग किया जा रहा है। वहीं नदी और जलमार्ग वाले क्षेत्रों में मोटरबोट के माध्यम से भी निगरानी रखी जा रही है, ताकि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।





