सीवान/छपरा: आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने शुक्रवार को सारण के तत्कालीन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) अजीत अमर के कई ठिकानों पर छापेमारी की।
ईओयू की टीम ने सीवान जिले के महाराजगंज प्रखंड के रानीबारी गांव स्थित उनके पैतृक मकान समेत चार जगहों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। इसके अलावा सहरसा स्थित किराये के आवास, सरकारी कार्यालय कक्ष और छपरा के गंडक कॉलोनी स्थित सरकारी आवास पर भी जांच की गई।
आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार, अजीत अमर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में प्रथमदृष्टया 62 लाख 20 हजार 550 रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिले हैं। यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से करीब 72.35 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
ईओयू ने विशेष न्यायालय निगरानी, उत्तर बिहार, मुजफ्फरपुर से तलाशी वारंट लेने के बाद यह कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान टीम ने संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और अन्य कागजातों की जांच की।
कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद रही। ईओयू ने बताया कि सभी ठिकानों पर तलाशी पूरी होने के बाद बरामदगी और जांच से जुड़ी जानकारी साझा की जाएगी।
Read More : वित्त मंत्री ने पेश किया 8399 करोड़ का अनुपूरक बजट




