अररिया: जिले में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने वाहन जांच के दौरान चार पहिया वाहनों से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। इस मामले में दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने किशनगंज से अररिया आने वाली फोर लेन सड़क पर जोकीहाट थाना क्षेत्र के हरवा चौक के पास बीती रात वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक चार पहिया वाहन से अवैध विदेशी शराब बरामद की गई और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, आरएस थाना क्षेत्र के हरिया बारा टोल प्लाजा के पास भी वाहन जांच के दौरान एक अन्य चार पहिया वाहन से शराब जब्त की गई। हालांकि कार्रवाई के दौरान वाहन चालक भागने में सफल रहा।
उत्पाद विभाग ने कुल 278.560 लीटर विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। इसके साथ ही महिंद्रा बोलेरो (BR38B/4576) और फोर्ड इको स्पोर्ट्स (WB26T/9870) को जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों और फरार चालक व वाहन मालिक के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2016 की धारा 30 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद अधीक्षक निरंजन कुमार झा ने कार्रवाई की जानकारी दी।
Read More : JPSC-JSSC आंदोलन: आमरण अनशन पर बैठे छात्र की बिगड़ी तबीयत, अन्य अभ्यर्थियों का मेडिकल चेकअप जारी




