चेन्नई: तमिलनाडु की मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) सरकार ने बुधवार को विधानसभा में अपना पहला पूर्ण बजट 2026-27 पेश किया। वित्त मंत्री डॉ. एन. मैरी विल्सन ने बजट भाषण के दौरान महिला कल्याण, शिक्षा, खेल और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य तमिलनाडु को विकास के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना है।
महिलाओं और बच्चों के लिए योजनाओं की घोषणा
बजट में महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष योजनाओं का ऐलान किया गया है। विवाह के अवसर पर पात्र महिलाओं को 8 ग्राम सोने का सिक्का और सिल्क साड़ी देने वाली ब्रदर्स गिफ्ट स्कीम के लिए 812 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
इसके अलावा सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले नवजात बच्चों को 1 ग्राम सोने की अंगूठी देने वाली थाई मामन थंगा मोथिरम योजना के लिए 560 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
खेल और शिक्षा पर सरकार का फोकस
राज्य में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए 10 ओलंपिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए बजट में 5.50 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
छात्रों के लिए भी कई घोषणाएं की गई हैं। कॉलेज छात्रों को मुफ्त लैपटॉप देने की योजना ‘वेट्री मडीकणिनी थिट्टम’ के लिए 2,000 करोड़ रुपये रखे गए हैं। वहीं जेन-जी छात्रों को साइकिल, हेलमेट और वॉटर बोतल होल्डर उपलब्ध कराने के लिए 777 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है।
हज सब्सिडी में बढ़ोतरी
तमिलनाडु सरकार ने हज यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सब्सिडी बढ़ाने का फैसला किया है। अब पहली बार हज यात्रा करने वाले यात्रियों को 25 हजार रुपये की जगह 35 हजार रुपये प्रति यात्री सब्सिडी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बजट पेश होने के बाद वित्त मंत्री डॉ. एन. मैरी विल्सन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार ने सरकारी टेंडरों में कमीशन और अनियमितताओं पर रोक लगाकर वित्तीय पारदर्शिता बढ़ाने का काम किया है।
Read More ; आजसू ने डीसी कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन




