Ranchi : पूर्वी सिंहभूम में बुधवार को अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) ने कोल्हान विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रक्रिया में हो रही देरी और शैक्षणिक सत्र को नियमित करने की मांग को लेकर उपायुक्त कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।
छात्र साकची से जुलूस के रूप में बैनर और पोस्टर लेकर उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान छात्रों ने राज्यपाल सह कुलाधिपति, कुलपति, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष और परीक्षा नियंत्रक के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में वर्ष 2022-2026 सत्र के स्नातक अंतिम वर्ष के छात्रों की समस्याओं का जिक्र करते हुए शैक्षणिक सत्र में हुई देरी को जल्द दूर करने की मांग की गई। आजसू नेताओं ने कहा कि चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम का कैलेंडर काफी पीछे चल रहा है, जिससे छात्रों के आगे की पढ़ाई और रोजगार के अवसर प्रभावित हो रहे हैं।
संगठन ने मांग की कि अक्टूबर 2026 से पहले सातवें सेमेस्टर का मूल्यांकन पूरा किया जाए और आठवें सेमेस्टर की परीक्षा भी समय पर कराई जाए।
आजसू महानगर अध्यक्ष राज ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय की लापरवाही के कारण परीक्षाएं लगातार देरी से हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर के छात्र भी इसी समस्या से प्रभावित हैं, इसलिए वे प्रदर्शन में शामिल हुए।
छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द समाधान नहीं करता है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




