Patna : बिहार सरकार ने जेलों में बंद कैदियों से मुलाकात की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ई-मुलाकात (e-Mulakat) सुविधा फिर से शुरू कर दी है। इसके तहत बंदियों के परिजन, वकील और डॉक्टर ऑनलाइन स्लॉट बुक कर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत कर सकेंगे।
इस व्यवस्था की शुरुआत मुजफ्फरपुर की शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा से की गई है। जल्द ही इसे राज्य की अन्य जेलों में भी लागू किया जाएगा।
ई-मुलाकात के लिए लोग ePrisons पोर्टल या सिटीजन सर्विस के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान पहचान पत्र, फोटो और अन्य जरूरी जानकारी देना अनिवार्य होगा।
नई व्यवस्था में वीडियो कॉल के अलावा जेल जाकर आमने-सामने मुलाकात का विकल्प भी रहेगा। प्रत्येक बंदी को सप्ताह में एक बार ई-मुलाकात की सुविधा मिलेगी।
जेल प्रशासन ने लोगों से अपने मोबाइल नंबर से ही रजिस्ट्रेशन करने की अपील की है, ताकि ओटीपी सत्यापन और आवेदन प्रक्रिया में कोई परेशानी न हो।
सरकार का कहना है कि इस डिजिटल व्यवस्था से जेलों में भीड़ कम होगी, पारदर्शिता बढ़ेगी और दूर-दराज में रहने वाले परिवारों को बिना यात्रा किए अपने परिजनों से बात करने की सुविधा मिलेगी।
Read More : रांची में मिला युवक का लथपथ श’व, इलाके में फैली सनसनी




