जमशेदपुर : जमशेदपुर जिला प्रशासन के निर्देश पर अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। विभाग की टीम ने एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा इलाके में छापेमारी कर नकली विदेशी शराब बनाने वाली एक मिनी फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान मौके से 88 लीटर तैयार नकली शराब और भारी मात्रा में पैकेजिंग सामग्री बरामद की गई है।
सहायक आयुक्त उत्पाद अरुण कुमार मिश्रा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने तुरियाबेड़ा स्थित एक अर्धनिर्मित मकान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान मौके से 70 लीटर खुली रंगीन नकली शराब और दो कार्टन में बंद करीब 18 लीटर बोतलबंद नकली विदेशी शराब बरामद हुई।
मौके से विभिन्न नामी ब्रांडों के सीलिंग कॉर्क, ढक्कन, बोतलों के फ्रंट-रियर लेबल, शराब में मिलाया जाने वाला कैरामेल और नकली उत्पाद आसंजक (EAL) जब्त किए गए। इन सभी सामग्रियों का इस्तेमाल नकली शराब को असली ब्रांड का रूप देकर बाजार में बेचने के लिए किया जा रहा था।
उत्पाद विभाग के मुताबिक, इस मिनी फैक्ट्री का संचालन संकोसाई रोड नंबर-1 (रिफ्यूजी कॉलोनी) का रहने वाला बिट्टू कुमार महतो कर रहा था। हालांकि, रेड की भनक मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। विभाग ने साफ किया है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।




