Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं व धांधली के खिलाफ युवाओं का विरोध प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में सोमवार को छात्रों के सत्याग्रह धरने का 10वां दिन रहा, वहीं छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही।
दिशोम गुरु के संघर्ष से मिलती है प्रेरणा
भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि 4 अगस्त को उनकी भूख हड़ताल झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन को समर्पित रहेगी। उन्होंने कहा कि गुरुजी के संघर्ष, त्याग और जनहित के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेकर ही राज्य के छात्र अपने न्यायपूर्ण भविष्य के लिए यह लड़ाई लड़ रहे हैं। उनके आदर्शों पर चलते हुए छात्रों का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
सरकार से पारदर्शी कार्रवाई की मांग
छात्र नेता ने राज्य सरकार से मांग की है कि JPSC और JSSC से जुड़ी गड़बड़ियों पर सिर्फ आश्वासन देने के बजाय जल्द, पारदर्शी और ठोस निर्णय लिया जाए, ताकि लाखों युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो सके।
4 अगस्त को शिबू सोरेन को समर्पित होगी भूख हड़ताल
4 अगस्त को दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि के अवसर पर आंदोलनकारी छात्रों ने अपनी भूख हड़ताल उन्हें समर्पित करने का फैसला किया है। छात्रों का कहना है कि वे गुरुजी के विचारों और सिद्धांतों को अपनाकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।




