Ranchi : झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि चार अगस्त को रामगढ़ जिले के बरलंगा स्थित लुकैयाटांड़ शहीद स्मारक परिसर में श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी। इस विशेष अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सुबह 11 बजे आयोजित मुख्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री शहीद स्मारक परिसर में स्थापित दिशोम गुरु की 15 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा का अनावरण करेंगे और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर नमन करेंगे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी करेंगे। इसके साथ ही वे राज्यभर के विभिन्न विकास कार्यों का ऑनलाइन शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में राज्य सरकार के कई मंत्री, विधायक, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और श्रद्धालु शामिल होंगे। स्थानीय प्रशासन की ओर से इस पूरे आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
Read More : बोकारो के 3 लापता लोगों की तलाश में जुटी CID, देशभर के पुलिस थानों में जारी हुआ ‘ह्यू एंड क्राई’ नोटिस
रांची समाहरणालय में लगेगा रक्तदान शिविर
दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि के मौके पर चार अगस्त को रांची समाहरणालय परिसर में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने समाहरणालय स्थित सभी विभागों के अधिकारियों, कार्यालय प्रधानों और कर्मचारियों से स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने सभी को अपने अधीनस्थ कर्मियों को भी इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया है।
उपायुक्त ने कहा कि रक्तदान किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन की रक्षा कर सकता है और यह मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान में शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा कि रक्तदान करना ही दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति में उन्हें सच्ची और वास्तविक श्रद्धांजलि होगी।




