Patna : पटना की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों ने बिहार की सियासत में हलचल बढ़ा दी है। चार राउंड की गिनती पूरी होने के बाद जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर बढ़त बनाए हुए हैं। उन्हें अब तक 6,269 वोट मिले हैं और वह पहले स्थान पर चल रहे हैं।
वहीं, भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को 5,124 वोट प्राप्त हुए हैं। भाजपा दूसरे स्थान पर है और वह जन सुराज के उम्मीदवार को कड़ी टक्कर दे रही है। दूसरी ओर, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की उम्मीदवार रेखा कुमारी को अब तक 884 वोट मिले हैं। शुरुआती रुझानों में RJD उम्मीदवार तीसरे स्थान पर दिखाई दे रही हैं।
Read More : सावन की पहली सोमवारी पर तेजस्वी ने किया जलाभिषेक, प्रशासन से की अपील
बांकीपुर सीट पर इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है। जन सुराज के प्रशांत किशोर पहली बार इस सीट से चुनावी मैदान में हैं और शुरुआती रुझानों में उनका प्रदर्शन चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, भाजपा इस सीट पर अपनी पकड़ बनाए रखने की कोशिश कर रही है।
मतगणना के शुरुआती आंकड़ों से संकेत मिल रहे हैं कि मुकाबला फिलहाल जन सुराज और भाजपा के बीच केंद्रित है। हालांकि, अभी कई राउंड की गिनती बाकी है और अंतिम परिणाम आने तक स्थिति बदल सकती है।
आरजेडी उम्मीदवार रेखा कुमारी के पीछे चलने को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा शुरू हो गई है। पार्टी के समर्थकों की नजर अब आने वाले रुझानों पर है।
बांकीपुर विधानसभा सीट पहले भाजपा के कब्जे में थी। उपचुनाव में तीनों प्रमुख दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंकी थी। अब सभी की नजर मतगणना के अंतिम दौर और चुनाव परिणाम पर टिकी हुई है।




