Patna : आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने सावन की पहली सोमवारी के पावन अवसर पर सोनपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया और बिहार की शांति, समृद्धि, विकास और खुशहाली की कामना की।
पूजा के बाद तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मंदिर की कुछ तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने लिखा कि सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर बाबा हरिहरनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया और बिहार में शांति, भाईचारा, विकास एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
मंदिर परिसर में तेजस्वी यादव ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शिवभक्तों और कांवड़ियों से अपील की कि वे अपनी यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से पूरी करें। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को सावधानी बरतने और पूजा-अर्चना के बाद सुरक्षित घर लौटने की शुभकामना दी।
मंदिर से बाहर आने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि सावन का पहला सोमवार सभी लोगों के लिए शुभ हो। उन्होंने कहा कि इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं, इसलिए प्रशासन की जिम्मेदारी है कि यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
तेजस्वी यादव ने प्रशासन से अपील की कि कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा, सुविधा और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि सभी श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें। उन्होंने सभी लोगों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।




