Gorakhpur: सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर प्रवास के दौरान गुरु पूर्णिमा से जुड़े धार्मिक एवं आनुष्ठानिक कार्यक्रमों की व्यस्तता के बीच जनता दर्शन आयोजित किया। गोरखनाथ मंदिर परिसर में उन्होंने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित एवं संतुष्टिपरक निस्तारण के निर्देश दिए।
Read more: जनता दर्शन में महिला ने सुनाया दर्द, सीएम योगी ने दिए त्वरित निर्देश
सीएम ने कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से लोगों की शिकायतों को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ लेने को कहा।
करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं
गुरु पूर्णिमा पूजन के बाद गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन आयोजित किया गया। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के बीच सीएम स्वयं पहुंचे। उन्होंने एक-एक व्यक्ति से मुलाकात कर उसकी समस्या सुनी। इसके बाद संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। सीएम ने लोगों को भरोसा दिलाया कि किसी भी जरूरतमंद को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। सरकार हर नागरिक के साथ खड़ी है और सभी मामलों का समयबद्ध समाधान कराया जाएगा।
हर प्रार्थना पत्र पर कार्रवाई के निर्देश
सीएम योगी ने अधिकारियों से जनता दर्शन में मिले प्रत्येक प्रार्थना पत्र पर गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने मामलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। जनता दर्शन में प्राप्त सभी शिकायतों का गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
इलाज के लिए आर्थिक सहायता का दिया भरोसा
जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। सीएम ने उन्हें भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी भी मरीज का उपचार नहीं रुकेगा। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को संबंधित मरीजों के इलाज का इस्टीमेट जल्द तैयार कर शासन को भेजने का निर्देश दिया, ताकि आर्थिक सहायता की राशि समय पर जारी की जा सके।
Read more: जनता दर्शन में सीएम योगी आदित्यनाथ: 50 से अधिक पीड़ितों से मिले, हर समस्या के समाधान का भरोसा
बच्चों को दी चॉकलेट, उज्ज्वल भविष्य का दिया आशीर्वाद
जनता दर्शन के दौरान कुछ महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ भी सीएम से मिलने पहुंचीं। सीएम योगी ने बच्चों को स्नेहपूर्वक दुलार किया और उन्हें चॉकलेट भेंट की। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद भी दिया। इस दौरान अधिकारियों को एक बार फिर जनता दर्शन में मिली शिकायतों के गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।




