रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं के विरोध में राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में छात्रों का सत्याग्रह आंदोलन सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक विवादित परीक्षाओं को रद्द नहीं किया जाता और पूरे मामले की सीबीआई (CBI) जांच के आदेश नहीं दिए जाते, तब तक यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।
सत्याग्रह स्थल पर आंदोलन के अगले चरण की आधिकारिक घोषणा करते हुए झारखंड लोक क्रांतिकारी मोर्चा के उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि आगामी 29 जुलाई 2026 को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके अलावा, राज्य विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन यानी 6 अगस्त 2026 को हजारों छात्र एकजुट होकर झारखंड विधानसभा का घेराव करेंगे और सरकार से न्याय की मांग करेंगे।
आंदोलनकारी छात्र नेताओं ने बताया कि परीक्षा में हुई धांधली के मामले में अब तक 10 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है और जांच एजेंसियों के हाथ कई महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं। छात्र प्रतिनिधियों का कहना है कि जब तक अभ्यर्थियों को उनका हक नहीं मिल जाता, तब तक आंदोलन रुकने वाला नहीं है।
इस मौके पर विशाल कुमार गौरव, शिल्पी कुमारी, राकेश कुमार, सविता कुमारी, सूर्य प्रकाश कुमार, राजकुमार कश्यप और ममता कुमारी सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी व उनके अभिभावक उपस्थित थे।




