Jamshedpur News: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम में ठेकेदारों के भुगतान में कथित कमीशनखोरी का आरोप लगाते हुए नगर विकास मंत्री से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि निगम में विकास कार्यों का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है और ठेकेदारों को भुगतान के लिए कथित रूप से कमीशन देने का दबाव बनाया जा रहा है।
सरयू राय ने सोमवार को जारी अपने बयान में सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट का हवाला देते हुए कहा कि कन्हाई कुमार सिंह नामक व्यक्ति ने अपने साथ हो रहे कथित अन्याय को सार्वजनिक किया है। पोस्ट के अनुसार, उनके भांजे को वार्ड में नाली निर्माण का कार्य मिला था, जिसे फरवरी में ही विभागीय निर्देशों के अनुसार पूरा कर दिया गया था। इसके बावजूद कई महीने बीत जाने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया।
पोस्ट में दावा किया गया है कि संबंधित कार्य का बिल तैयार हो चुका है, कार्यपालक अभियंता के हस्ताक्षर भी हो चुके हैं, गुणवत्ता प्रमाणन और ऑडिट की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है, फिर भी भुगतान लंबित है। आरोप लगाया गया है कि भुगतान के लिए वार्ड पार्षद द्वारा दो प्रतिशत और मेयर से जुड़े स्तर पर अलग से कमीशन की मांग की जा रही है।
कन्हाई कुमार सिंह ने अपनी पोस्ट में भावुक अपील करते हुए लिखा है कि संबंधित जनप्रतिनिधि एक बार उनके घर आकर उनकी आर्थिक स्थिति देखें। उन्होंने कहा कि भुगतान मिलने के बाद वह सभी का कथित कमीशन देने को तैयार हैं, लेकिन यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो वह मानगो नगर निगम कार्यालय के सामने आत्मदाह करेंगे। पोस्ट में उन्होंने इस स्थिति के लिए संबंधित पार्षद और मेयर को जिम्मेदार ठहराया है।
विधायक सरयू राय ने कहा कि सोशल मीडिया पर सामने आए इन गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने नगर विकास मंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर ठेकेदारों के लंबित भुगतान सुनिश्चित करने तथा यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।




