Saraikela. बैंक ऑफ़ बड़ौदा के 119वें स्थापना दिवस के अवसर पर गम्हरिया एवं कांड्रा शाखा ने सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए डुमरा पंचायत स्थित आशा संस्था में रह रहे अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों के बीच भोजन करने के बर्तन सहित अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया। इस दौरान बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बच्चों के साथ समय बिताकर उनके साथ आत्मीय पल साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों ने बच्चों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बच्चों ने भी इस पहल पर खुशी जताई और बैंक अधिकारियों के साथ आत्मीयता से समय बिताया।
इस अवसर पर बैंक ऑफ़ बड़ौदा, गम्हरिया शाखा की प्रबंधक रश्मि रानी एवं कांड्रा शाखा के प्रबंधक शशिकांत कुमार ने कहा कि बैंक केवल वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करता है। उन्होंने कहा कि अनाथ बच्चों के बीच समय बिताना उनके लिए भावनात्मक और प्रेरणादायक अनुभव रहा।
उन्होंने बताया कि बैंक ऑफ़ बड़ौदा का स्थापना दिवस समाज सेवा, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का संदेश देता है। भविष्य में भी बैंक इसी प्रकार के सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के लोगों की सेवा करता रहेगा।
इस अवसर पर बैंक के अधिकारी राजेश एक्का, दुर्गेश कुमार, चंचल कुमार झा, अशोक पासवान और मनोज विश्वकर्मा के अलावा आशा संस्था के मानिक मंडल उपस्थित थे। सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।





