फॉण्ट कनवर्टर NEW

हाईटेक हुए रांची मंडल के दो रेलवे स्टेशन, PM मोदी ने किया पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन

रांची: भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में झारखंड को एक बड़ी सौगात मिली है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रांची रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकसित भवनों का भव्य उद्घाटन किया।

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में झारखंड को एक बड़ी सौगात मिली है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रांची रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकसित भवनों का भव्य उद्घाटन किया। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत इन दोनों स्टेशनों का पूरी तरह से कायाकल्प कर इन्हें विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया गया है।

इस पूरे पुनर्विकास कार्य में वित्तीय निवेश की बात करें तो पिस्का रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण पर लगभग 21 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जबकि मुरी स्टेशन को संवारने में 12 करोड़ रुपये की लागत आई है। पूर्व में इन दोनों स्टेशनों पर यात्रियों को सिर्फ बुनियादी सुविधाएं ही मिल पाती थीं, लेकिन अब नए कलेवर में तैयार इन स्टेशनों पर लिफ्ट, चौड़े फुट-ओवर-ब्रिज, आधुनिक ट्रेन सूचना डिस्प्ले सिस्टम और बेहतर प्लेटफॉर्म कनेक्टिविटी जैसी सुविधाएं बहाल कर दी गई हैं। इसके साथ ही, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों की सुगम आवाजाही का विशेष ख्याल रखते हुए रैंप, टैक्टाइल पाथ, कम ऊंचाई वाले टिकट काउंटर और अनुकूल शौचालयों का निर्माण भी कराया गया है।

पिस्का रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, सूबे के भूमि एवं राजस्व मंत्री दीपक बिरुआ, हटिया के विधायक नवीन जायसवाल, राज्यसभा सांसद महुआ माजी और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इस मौके पर राज्यपाल गंगवार ने देश की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि यह बेहद गर्व की बात है कि आज ही के दिन हरियाणा में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन भी शुरू हुआ है, जो भारतीय रेलवे के तकनीकी विकास का प्रत्यक्ष प्रमाण है। प्रधानमंत्री ने इस अभियान के तहत देश भर के 75 पुनर्विकसित स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित किया है, जिसमें रांची मंडल के कुल 15 स्टेशन शामिल हैं।

दूसरी ओर, मुरी रेलवे स्टेशन को भी पूरी तरह हाईटेक बनाया गया है। स्टेशन भवन का बाहरी हिस्सा (फसाड) स्थानीय कला, संस्कृति और समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करता है। यहाँ यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रथम और द्वितीय श्रेणी के अलग-अलग प्रतीक्षालयों के साथ-साथ एक आलीशान एग्जीक्यूटिव लाउंज भी बनाया गया है। सुरक्षा के लिहाज से पूरे परिसर में आईपी आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मुरी में आयोजित कार्यक्रम में रेलवे परामर्शदात्री समिति के सदस्यों के साथ सहायक वाणिज्य प्रबंधक धर्मवीर कुमार और अभिजीत विश्वास सहित कई रेल अधिकारी मौजूद रहे। इन सुविधाओं के शुरू होने से क्षेत्र के रेल यात्रियों का सफर अब अधिक सुरक्षित, सुगम और आरामदायक हो जाएगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram