फॉण्ट कनवर्टर NEW

सिनी प्रशिक्षण संस्थान में आपदा प्रबंधन की विशेष ट्रेनिंग, 490 रेलकर्मी हुए प्रशिक्षित

Jamshedpurnews: टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने बुधवार को सिनी स्थित जोनल प्रशिक्षण संस्थान में अतिथि व्याख्याता के रूप में बहुविषयक आपदा प्रबंधन विषय पर विशेष प्रशिक्षण सत्र का संचालन किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पूर्व तट रेलवे

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpurnews: टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने बुधवार को सिनी स्थित जोनल प्रशिक्षण संस्थान में अतिथि व्याख्याता के रूप में बहुविषयक आपदा प्रबंधन विषय पर विशेष प्रशिक्षण सत्र का संचालन किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पूर्व तट रेलवे (ईस्ट कोस्ट रेलवे), दक्षिण पूर्व रेलवे तथा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कुल 490 रेलकर्मियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा के साथ हुई। इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य, उप प्राचार्य, मुख्य अनुदेशक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।

अपने व्याख्यान में संतोष कुमार ने दुर्घटना या आपदा के बाद के ‘गोल्डन आवर’ के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि शुरुआती समय में सही कदम उठाने से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने एम्बुलेंस सेवा के समन्वय, ट्रायेज प्रणाली, प्राथमिक चिकित्सा, फर्स्ट एडर और ड्रेसर के कर्तव्यों एवं गुणों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके अलावा सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन), सर्पदंश और कुत्ते के काटने की स्थिति में प्राथमिक उपचार तथा अग्निशमन की आधुनिक तकनीकों की जानकारी भी दी।

प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पावरपॉइंट प्रस्तुति और डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया गया। प्रतिभागियों की बड़ी संख्या को देखते हुए व्याख्यान का आयोजन दो अलग-अलग शिफ्टों में किया गया। दोनों सत्रों में रेलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यावहारिक जानकारियां प्राप्त कीं।

कार्यक्रम में विभिन्न श्रेणियों के रेलकर्मी शामिल हुए, जिनमें रिफ्रेशर स्टेशन मैनेजर, रिफ्रेशर ट्रेन मैनेजर, प्रो स्टेशन मैनेजर, प्रो सहायक लोको पायलट स्पेशल, प्रो पॉइंट्समैन तथा प्रो पैसेंजर ट्रेन मैनेजर शामिल थे। प्रशिक्षणार्थियों ने संतोष कुमार की रोचक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण शैली की सराहना करते हुए इसे अपने कार्यक्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

कार्यक्रम के अंत में संस्थान के मुख्य अनुदेशक ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और सभी प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन के प्रति सजग एवं प्रशिक्षित रहने का संदेश दिया।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram