अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jamshedpur News: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड के पलाशडीह गांव में अवैध बालू परिवहन से जुड़ा एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बुधवार देर रात तेज रफ्तार से जा रहे बालू लदे ट्रैक्टर ने एक महिला को टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान आमोति महतो (50) के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय निबारण महतो की पत्नी थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश भी देखा गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू का कारोबार खुलेआम चल रहा है। उनका कहना है कि रात के समय बालू लदे ट्रैक्टर तेज रफ्तार से गांवों की सड़कों पर दौड़ते हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। बावजूद इसके प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
घटना के बाद गुरुवार सुबह एक और विवादास्पद स्थिति उत्पन्न हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक सुबह करीब पांच बजे तीन ट्रैक्टर मृतका के घर के सामने पहुंचे। इनमें से दो ट्रैक्टरों ने बालू खाली किया, जबकि एक ट्रैक्टर बालू लेकर वापस लौट गया। इस घटनाक्रम को लेकर ग्रामीणों ने संदेह जताया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ट्रैक्टर चालक की जल्द गिरफ्तारी, क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन पर सख्त रोक तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

