अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Saraikela news: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आमदा ओपी क्षेत्र में विशेष वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 54 ग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़ाबांबो की ओर से आमदा की तरफ आने वाले मार्ग से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर गांजा लेकर गुजरने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
गठित टीम ने आमदा ओपी क्षेत्र के रेलवे ब्रिज के समीप सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 1 किलो 54 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान पश्चिमी सिंहभूम जिले के लवजुड़ा कला निवासी खगेश्वर प्रधान के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद गांजा और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है तथा आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज ने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now

