फॉण्ट कनवर्टर NEW

वरिष्ठ नागरिकों के लिए बड़ी पहल, जिले में खुले सहायता एवं सुविधा केंद्र

Chaibasa news: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (नालसा) नई दिल्ली और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) रांची के निर्देश पर जिले में वरिष्ठ नागरिकों की सहायता और सुविधा के लिए “वरिष्ठजन सहायता एवं सुविधा केंद्र” की स्थापना की गई है। यह पहल प्रधान जिला एवं

अपनी भाषा में पढ़ें

Chaibasa news: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (नालसा) नई दिल्ली और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) रांची के निर्देश पर जिले में वरिष्ठ नागरिकों की सहायता और सुविधा के लिए “वरिष्ठजन सहायता एवं सुविधा केंद्र” की स्थापना की गई है। यह पहल प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) चाईबासा के अध्यक्ष मौहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में शुरू की गई है।

डालसा द्वारा संचालित जागृति योजना 2025 के तहत जिले के विभिन्न पंचायतों में नियमित रूप से विधिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों को कानूनी सहायता, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं।

डालसा के सचिव ने बताया कि जून माह भर चलने वाले इस विशेष कार्यक्रम के तहत जिले के अंचल कार्यालयों में संचालित विधिक सहायता केंद्रों, झींकपानी स्थित वृद्धाश्रम, भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा चाईबासा, बैंक ऑफ इंडिया की सभी शाखाओं तथा अन्य बैंकों की शाखाओं में भी वरिष्ठजन सहायता एवं सुविधा केंद्र शुरू कर दिए गए हैं। इन केंद्रों पर आने वाले वरिष्ठ नागरिकों और अन्य जरूरतमंद लोगों को विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि इन सहायता केंद्रों के माध्यम से माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण और कल्याण अधिनियम-2007 से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही भरण-पोषण, उपेक्षा, परित्याग, संपत्ति विवाद, दुर्व्यवहार, शोषण और अन्य सामाजिक एवं कानूनी समस्याओं से जुड़े मामलों में भी सहायता प्रदान की जाएगी।

डालसा के अनुसार जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों, वृद्धाश्रमों और बैंक शाखाओं में चरणबद्ध तरीके से ऐसे सहायता केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। प्रत्येक केंद्र में दो अधिकार मित्र (पीएलवी) की नियुक्ति की गई है, जो वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक जानकारी, मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराएंगे।

इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना तथा जरूरत पड़ने पर कानूनी और सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने इसे वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram