अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Chaibasa news: महावीर मंडल, चाईबासा की ओर से रविवार को सदर अस्पताल, चाईबासा को एक दीवार घड़ी (वॉल वॉच) भेंट की गई। मंडल के अध्यक्ष विशाल साव ने सिविल सर्जन को यह घड़ी सौंपते हुए कहा कि इसका उद्देश्य अस्पताल में समय प्रबंधन को बेहतर बनाने और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में सहयोग देना है। इस दौरान युवा समाजसेवी पंकज यादव भी मौजूद रहे।
विशाल साव ने कहा कि समाज और स्वास्थ्य संस्थानों के बीच सहयोग से जनहित के कार्य अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि महावीर मंडल सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में लगातार सक्रिय रहा है और आगे भी जनसेवा के लिए प्रयास करता रहेगा।
पंकज यादव ने कहा कि समाज के सक्षम व्यक्तियों और संस्थाओं को जनहित के कार्यों में भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे सहयोगात्मक प्रयास भी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सिविल सर्जन ने महावीर मंडल, विशाल साव और पंकज यादव का आभार जताते हुए कहा कि इस प्रकार के सहयोग से अस्पताल प्रशासन को प्रोत्साहन मिलता है तथा समाज और स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है। उन्होंने इस पहल को जनसेवा की दिशा में सराहनीय कदम बताया।
मौके पर महावीर मंडल के अन्य पदाधिकारी, अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

