फॉण्ट कनवर्टर NEW

विकास योजनाओं में देरी पर DC राजीव रंजन सख्त, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले में संचालित सभी विकास योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा है कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur news:  पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले में संचालित सभी विकास योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा है कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अभियंताओं और कार्य एजेंसियों को लंबित परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा कार्यों में आने वाली बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

सोमवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित जिला विकास, जिला योजना एवं ग्रामीण विकास शाखा के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। बैठक में पुल-पुलिया, पीसीसी सड़क, पहुंच पथ, पेयजल एवं जलापूर्ति योजनाएं, विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष एवं शौचालय निर्माण, कल्वर्ट निर्माण समेत आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिया कि निर्धारित अवधि के बाद भी अधूरी पड़ी योजनाओं पर विशेष ध्यान दें और किसी तकनीकी या प्रशासनिक समस्या की स्थिति में तत्काल प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि संवेदकों की लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में नीति आयोग फंड और डीएमएफटी मद से संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों, लाइब्रेरी सह रिसोर्स सेंटर, साल पत्ता प्लेट एवं कप निर्माण इकाइयों तथा विद्यालयों में रसोईघर निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया। वहीं डीएमएफटी से स्वीकृत आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण में भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए अंचल कार्यालयों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया।

सांसद एवं विधायक निधि से संचालित योजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने लंबित निविदा प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कर कार्य प्रारंभ कराने तथा पूर्ण हो चुकी योजनाओं का उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभागों को समन्वित एवं जवाबदेह तरीके से कार्य करना होगा।

बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अभियंता मौजूद रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram