फॉण्ट कनवर्टर NEW

चांडिल मर्डर मिस्ट्री: खूंखार ‘डाबर’ गिरफ्तार, अब खुलेंगे कत्ल के राज!

चांडिल। रिपोर्टर सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के हारुडीह गांव में 24 दिसंबर 2025 को हुए चर्चित विजय तिर्की हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपियों में शामिल सहनवाज खान

अपनी भाषा में पढ़ें

चांडिल। रिपोर्टर

सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के हारुडीह गांव में 24 दिसंबर 2025 को हुए चर्चित विजय तिर्की हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपियों में शामिल सहनवाज खान उर्फ डाबर उर्फ सन्नो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी से इस सनसनीखेज मामले में जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गुप्त सूचना, मानवीय इनपुट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने सुनियोजित तरीके से कार्रवाई कर आरोपी को दबोचा। उन्होंने कहा कि हत्या जैसे जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और बाकी फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

एसपी ने बताया कि घटना के अगले दिन 25 दिसंबर 2025 को मृतक विजय तिर्की की पत्नी के लिखित आवेदन पर चांडिल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद से ही पुलिस लगातार मामले की जांच में जुटी हुई थी। शुरुआती जांच में ही यह स्पष्ट हो गया था कि हत्या पूर्व नियोजित थी और इसमें कई अपराधी शामिल थे।

गिरफ्तार सहनवाज खान का आपराधिक इतिहास भी काफी गंभीर रहा है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले पूर्वी सिंहभूम जिले के आजादनगर थाना में दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोह से भी जुड़ा रहा है और लंबे समय से पुलिस के रडार पर था।

इस हत्याकांड में इससे पहले शाहिद खान उर्फ शहजादा, विवेक कुमार मन्ना उर्फ विक्की, राहुल राव और मनीष कुमार ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

एसपी निधि द्विवेदी ने इस सफलता के लिए चांडिल थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ और उनकी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि टीम ने पेशेवर और समन्वित तरीके से काम करते हुए अहम सफलता हासिल की है, जो जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ के साथ पु.अ.नि. राहुल भारती, स.अ.नि. राजीव कुमार, स.अ.नि. ब्रजेश मिश्रा, हवलदार प्रभु राम, आरक्षी अनुज तिर्की और आरक्षी रमेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस टीम अब इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है, ताकि पूरे षड्यंत्र का खुलासा किया जा सके।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram