अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Kabul, (Afghanistan): अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर जारी तनाव अब एक पूर्ण सैन्य संघर्ष में तब्दील हो गया है। अफगानिस्तान के पूर्वी प्रांतों—खोस्त और पक्तिका—में हुई ताजा झड़पों और हवाई हमलों में कम से कम 19 लोगों की जान चली गई है, जबकि 26 अन्य घायल हुए हैं। अफगान सरकार के उपप्रवक्ता हमदुल्ला फितरत के अनुसार, मरने वालों में बड़ी संख्या महिलाओं और बच्चों की है।
पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक और ‘ऑपरेशन गजब लिल-हक’
तनाव की शुरुआत गुरुवार रात को हुई जब पाकिस्तान एयर फोर्स (PAF) ने ‘ऑपरेशन गजब लिल-हक’ के तहत अफगानिस्तान के काबुल, कंधार और पक्तिया प्रांतों में स्थित सैन्य ठिकानों पर भीषण बमबारी की। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कार्रवाई अफगान सेना की पिछली गतिविधियों के जवाब में की गई थी। इस हमले में 13 अफगान सैनिक मारे गए और 22 घायल हो गए। इसके अलावा नंगरहार प्रांत में एक रिफ्यूजी कैंप पर हुए मिसाइल हमले में भी कई नागरिक जख्मी हुए हैं।
तालिबान का भीषण पलटवार: इस्लामाबाद और एबटाबाद पर हमले
पाकिस्तान की कार्रवाई के जवाब में शुक्रवार सुबह करीब 11:00 बजे अफगान एयर फोर्स ने अभूतपूर्व कदम उठाते हुए पाकिस्तान के भीतर घुसकर हमले किए। तालिबान के उपप्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि अफगान लड़ाकू विमानों ने इस्लामाबाद के पास फैजाबाद के मिलिट्री कैंप, नौशेरा कैंटोनमेंट, जमरूद मिलिट्री कॉलोनी और एबटाबाद में पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया।
55 पाकिस्तानी सैनिक ढेर, 19 चौकियों पर तालिबान का कब्जा
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि सीमा पर जारी जमीनी जंग में उनकी सेना ने पाकिस्तान की 19 सैन्य चौकियों और दो बेस पर कब्जा कर लिया है। इस जवाबी कार्रवाई में कम से कम 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं। वहीं, इस पूरे ऑपरेशन के दौरान आठ अफगान सैनिकों के भी शहीद होने की खबर है।
शांति की अपील और आरोपों का दौर
तालिबान के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कंधार में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि अफगानिस्तान हमेशा से मसलों का शांतिपूर्ण हल चाहता है और इसके लिए पाकिस्तान के साथ कई दौर की बातचीत भी की गई, लेकिन इस्लामाबाद इसके लिए तैयार नहीं था। मुजाहिद ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान अपने अंदरूनी मसलों को अफगानिस्तान से जोड़कर जंग के बहाने ढूंढ रहा है। उन्होंने पड़ोसी देशों से अपील की है कि वे इस इलाके में उपद्रव फैलाने वालों को रोकें। फिलहाल, दोनों देशों के बीच युद्ध जैसे हालात बने हुए हैं और एयरस्पेस को लेकर भी तनाव चरम पर है।

