अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Patna: बिहार में महिला सशक्तीकरण की दिशा में नीतीश सरकार ने सोमवार को एक और ऐतिहासिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत राज्य की 25 लाख महिलाओं के बैंक खातों में एक क्लिक के जरिए 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि भेजी। रिमोट का बटन दबाकर सीएम ने कुल 2,500 करोड़ रुपये की राशि का अंतरण किया।
इस खबर को भी पढ़ें : 10,000 रुपये की पहली सहायता राशि से महिलाएं करेंगी रोजगार की शुरुआत, नीतीश कुमार ने किया शुभारंभ
अब तक 1.81 करोड़ महिलाओं को मिला लाभ
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इस किस्त से पहले भी 1.56 करोड़ महिलाओं को सहायता दी जा चुकी है। अब तक कुल मिलाकर बिहार की 1.81 करोड़ महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल चुका है। सीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ी महिलाओं से बातचीत करते हुए कहा कि इस राशि से महिलाओं ने अपनी पसंद के छोटे-बड़े रोजगार शुरू किए हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है।
बेहतर काम पर मिलेगा ₹2 लाख का सपोर्ट
नीतीश कुमार ने इस दौरान एक बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि जो महिलाएं प्राप्त सहायता राशि का उपयोग कर अपना स्वरोजगार बेहतर ढंग से चलाएंगी, सरकार उन्हें भविष्य में 2 लाख रुपये तक की और अधिक सहायता प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि बचे हुए परिवारों की महिलाओं को भी जल्द ही इस योजना से जोड़ा जाएगा।
सात निश्चय-3: ‘दोगुना रोजगार-दोगुनी आय’
बता दें कि बिहार सरकार ने अगले पांच वर्षों के लिए ‘सात निश्चय-3’ का खाका तैयार किया है। इसके पहले निश्चय ‘दोगुना रोजगार-दोगुनी आय’ के तहत राज्य के हर व्यक्ति की औसत आय को दोगुना करने का लक्ष्य है। स्वयं सहायता समूहों (SHG) की बढ़ती संख्या का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि बिहार में महिलाएं अब तेजी से आत्मनिर्भर हो रही हैं।
इस खबर को भी पढ़ें : बिहार में सीएम नीतीश कुमार ने 21 लाख महिलाओं के प्रत्येक खाते में भेजी 10,000 रुपये, जीविका दीदियों में उत्साह
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और मंत्री विजय कुमार चौधरी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और सभी जिलों के जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मौजूद रहे।

