अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
लोहरदगा: झारखंड की खेल प्रतिभाओं को नया मंच देने और युवाओं के जोश को नई उड़ान देने के उद्देश्य से आयोजित ‘बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट-2026’ का भव्य समापन शुक्रवार को बीएस कॉलेज मैदान में हुआ। इस ऐतिहासिक मुकाबले में लोहरदगा लायंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पलामू जगलर्स को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी और खिताबी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
दिग्गज क्रिकेटरों की मौजूदगी ने बढ़ाया मान
समापन समारोह में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर भारतीय क्रिकेट के दो महान दिग्गज वीरेंद्र सहवाग और हरभजन सिंह विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने दोनों पूर्व क्रिकेटरों के साथ झारखंड में खेल की संभावनाओं और राज्य सरकार की खेल नीति पर विस्तृत चर्चा की। मैदान में दिग्गजों को देखकर हजारों की संख्या में जुटे खेल प्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
“खनिज ही नहीं, खिलाड़ियों की खान है झारखंड”
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के नौजवानों के रग-रग में खेल बसता है। उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी और भारतीय महिला हॉकी टीम के गौरवशाली इतिहास का जिक्र करते हुए कहा, “झारखंड को अब तक सिर्फ खनिज संपदा के लिए जाना जाता था, लेकिन हमारी सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में यह राज्य अपने खिलाड़ियों के नाम से दुनिया भर में पहचाना जाए।” मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सिर्फ क्रिकेट और हॉकी ही नहीं, बल्कि तीरंदाजी, फुटबॉल और लॉनबॉल जैसे खेलों को भी नई खेल नीति के माध्यम से प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने बीएस कॉलेज मैदान के विकास में पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू की भूमिका की भी सराहना की।
सितारों से सजी शाम
मुख्यमंत्री ने विजेता और उप-विजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस गौरवशाली पल के साक्षी बनने के लिए कैबिनेट मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, दीपिका पाण्डेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की सहित कई विधायक और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। खचाखच भरे स्टेडियम में खिलाड़ियों के कौशल और दर्शकों के शोर ने लोहरदगा के खेल इतिहास में एक नया अध्याय लिख दिया।

