अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Washington, (US): जेफरी एपस्टीन के काले साम्राज्यों की सबसे अहम राजदार घिसलेन मैक्सवेल ने एक बार फिर अमेरिकी राजनीति में हलचल मचा दी है। न्यूयॉर्क की अदालत से 20 साल की सजा पा चुकी मैक्सवेल ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से अपनी सजा कम करने या क्षमादान देने की अपील की है। मैक्सवेल के वकील डेविड ऑस्कर मार्कस ने हाउस कमेटी को स्पष्ट किया है कि यदि राष्ट्रपति उन्हें राहत देते हैं, तो मैक्सवेल पूरी ईमानदारी से उन सभी शक्तिशाली चेहरों को बेनकाब करने के लिए तैयार हैं, जो एपस्टीन के इस कुत्सित खेल का हिस्सा थे।
कौन हैं घिसलेन मैक्सवेल?
घिसलेन मैक्सवेल ब्रिटिश मीडिया मोगुल रॉबर्ट मैक्सवेल की बेटी हैं और लंबे समय तक जेफरी एपस्टीन की प्रेमिका व साथी रही हैं। उन पर आरोप था कि वे ही एपस्टीन के लिए नाबालिग लड़कियों को फुसलाकर लाती थीं और उन्हें सेक्स ट्रैफिकिंग के लिए तैयार करती थीं। साल 2021 में उन्हें दोषी ठहराया गया और फिलहाल वे टेक्सास की फेडरल जेल में अपनी सजा काट रही हैं।
सांसदों और ट्रंप का रुख
मैक्सवेल की इस पेशकश को हाउस कमेटी के चेयरमैन जेम्स कोमर ने सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि मैक्सवेल किसी भी तरह की दया की पात्र नहीं हैं, क्योंकि वे एक बेहद बुरी इंसान हैं। दूसरी ओर, व्हाइट हाउस की ओर से अब तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। दिलचस्प बात यह है कि एपस्टीन फाइल्स में डोनाल्ड ट्रंप और बिल क्लिंटन जैसे कई दिग्गज नेताओं के नाम भी अतीत में चर्चा में रहे हैं, हालांकि उन पर किसी गलत काम का आरोप सिद्ध नहीं हुआ है।
अंधेरे राज खुलने का डर
जांच एजेंसियां लंबे समय से ऐसे गवाह की तलाश में हैं जो एपस्टीन के वीवीआईपी नेटवर्क की पूरी जानकारी दे सके। मैक्सवेल, जो खुद इस नेटवर्क की ‘मुख्य रिक्रूटर’ थीं, अगर मुंह खोलती हैं तो दुनिया के कई रईसों, राजनेताओं और हस्तियों के चेहरे बेनकाब हो सकते हैं। फिलहाल, यह मामला ‘इंसाफ बनाम सौदेबाजी’ के बीच फंसा नजर आ रहा है।
इस खबर को भी पढ़ें : एपस्टीन फाइल्स का ‘ग्लोबल ब्लास्ट’! 10 देशों में गिरे इस्तीफे, शाही परिवार भी रडार पर

