फॉण्ट कनवर्टर NEW

बूथ बंद, बीएलओ गायब, बागबेड़ा में मतदाता लौटे परेशान

Jamshedpur news: राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता अभियान के तहत रविवार को बागबेड़ा कॉलोनी स्थित प्राथमिक विद्यालय, रोड नंबर-1 (अंबेडकर विद्यालय) में बनाए गए बूथ संख्या 19 एवं 20 पर गंभीर अव्यवस्था देखने को मिली। दोपहर 2:00 बजे तक बूथों पर किसी भी बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर)

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur news: राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता अभियान के तहत रविवार को बागबेड़ा कॉलोनी स्थित प्राथमिक विद्यालय, रोड नंबर-1 (अंबेडकर विद्यालय) में बनाए गए बूथ संख्या 19 एवं 20 पर गंभीर अव्यवस्था देखने को मिली। दोपहर 2:00 बजे तक बूथों पर किसी भी बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के नहीं पहुंचने से बड़ी संख्या में मतदाता परेशान होकर लौटते नजर आए।

स्थानीय लोगों द्वारा इस स्थिति की जानकारी बागबेड़ा महानगर विकास समिति के अध्यक्ष एवं जिला भाजपा मुख्यालय प्रभारी जमशेदपुर सुबोध झा को दी गई। सूचना मिलते ही सुबोध झा, सूरज ओझा, पवित्रा पांडे, संजय सिंह और सरोजनी देवी ने मौके पर पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों बूथ पूरी तरह बंद पाए गए और मतदाता बिना किसी कार्य के वापस जाते दिखे।

नेताओं द्वारा बीएलओ से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बार-बार केवल आश्वासन ही मिलता रहा। इसके बावजूद दोपहर 2:00 बजे तक संबंधित बीएलओ बूथ संख्या 19 और 20 पर उपस्थित नहीं हुईं। इस लापरवाही से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और सुधार कराने आए लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कई स्थानीय लोगों ने उच्च अधिकारियों को फोन के माध्यम से स्थिति से अवगत कराया। साथ ही यह मांग की गई कि भविष्य में बीएलओ को निर्देशित किया जाए कि वे घर-घर जाकर मतदाता सूची से संबंधित कार्य करें, ताकि आम जनता को बार-बार परेशान न होना पड़े।

राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता अभियान जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में इस तरह की लापरवाही ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram