अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : नववर्ष 2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से कांके रोड, रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में जनप्रतिनिधियों एवं राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सभी ने मुख्यमंत्री को नववर्ष की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने भी सभी आगंतुकों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद, स्वस्थ और मंगलमय जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों में राज्यसभा सांसद महुआ माजी, अपर मुख्य सचिव गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग वंदना दादेल, अपर मुख्य सचिव पेयजल एवं स्वच्छता विभाग मस्त राम मीणा, राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी, वित्त विभाग के सचिव प्रशांत कुमार, सदस्य राजस्व परिषद राजीव रंजन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक छवि रंजन, जियाडा के प्रबंध निदेशक वरुण रंजन, नगर विकास विभाग की निदेशक नगरीय प्रशासन नैंसी सहाय, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी (समन्वय) विभाग के विशेष सचिव राजीव रंजन, आईजी एसटीएफ अनूप बिरथरे, उपायुक्त रांची मंजुनाथ भजंत्री तथा वरीय पुलिस अधीक्षक रांची राकेश रंजन शामिल रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने समस्त झारखंडवासियों को नववर्ष 2026 की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ईश्वर से राज्य के नागरिकों के लिए सुख, शांति, समृद्धि, प्रगति और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नया वर्ष नई उम्मीदों, नए संकल्पों और सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने का अवसर है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि सभी वर्गों की सहभागिता से ही झारखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार और जनता के साझा प्रयास से झारखंड आने वाले समय में देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम जनता सभी की भूमिका महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार जन-सहभागिता और प्रभावी कार्य संस्कृति के साथ विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचा, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार जैसे क्षेत्रों में सरकार निरंतर कार्य कर रही है, ताकि हर नागरिक को विकास का लाभ मिल सके।
नववर्ष के मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी से आपसी सौहार्द, सहयोग और सकारात्मक सोच के साथ राज्य निर्माण के लक्ष्य में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही झारखंड एक समृद्ध, सशक्त और खुशहाल राज्य के रूप में अपनी पहचान मजबूत करेगा।

