अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News: रांची पुलिस ने नशे के काले कारोबार पर बड़ा शिकंजा कसा है। सदर थाना पुलिस की टीम ने कोकर तिरिल इलाके में रेड कर सात लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें गिरोह का सरगना अंबर कुमार राम, उसके माता-पिता बाबला राम और मुन्नी देवी, किरायेदार दिव्या कुमारी और दोस्त पियुष कुमार, समीर तिर्की व अमन कुमार शामिल हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से पुलिस ने 85.71 ग्राम ब्राउन शुगर, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, सात स्मार्टफोन, ₹7,300 नकद और एक KTM बाइक जब्त की। बाजार में इस ब्राउन शुगर की कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि पुलिस कप्तान राकेश रंजन के निर्देश पर शहर में नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। कोकर तिरिल क्षेत्र में चल रहे ब्राउन शुगर के खुले धंधे की सूचना मिलने पर एसएसपी राकेश रंजन और सिटी एसपी की देखरेख में सदर डीएसपी संजीव बेसरी की टीम ने रेड की। टीम का नेतृत्व सदर थानेदार कुलदीप कुमार ने किया।
पुलिस के अनुसार, अंबर राम और उसके गिरोह के सदस्य बिहार के आरा से ब्राउन शुगर लाकर रांची में बेचते थे। अंबर राम की उम्र केवल 24 साल है और उसके खिलाफ पहले से 16 मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर बाकी गिरोह के सदस्य भी पकड़े गए।
एसपी ने कहा कि यह कार्रवाई शहर में नशे के कारोबार को रोकने और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की गई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।
इस बड़ी कार्रवाई से कोकर और आसपास के क्षेत्रों में नशे के कारोबार पर कड़ा संदेश गया है। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस तरह की गतिविधियों की जानकारी तुरंत थाने या हेल्पलाइन पर दें।

