फॉण्ट कनवर्टर NEW

ट्रम्प का मास्टर प्लान: मलबे से निकलेगा नया गाजा; 9.3 लाख करोड़ में बनेगा ‘स्मार्ट सिटी’

World News: दो साल से चल रहे भीषण युद्ध के बाद खंडहर में तब्दील हो चुका गाजा अब एक नई करवट लेने जा रहा है। अमेरिका ने गाजा के पुनर्निर्माण के लिए एक ऐसी योजना पेश की है जिसकी कल्पना करना भी फिलहाल मुश्किल लगता

अपनी भाषा में पढ़ें

World News: दो साल से चल रहे भीषण युद्ध के बाद खंडहर में तब्दील हो चुका गाजा अब एक नई करवट लेने जा रहा है। अमेरिका ने गाजा के पुनर्निर्माण के लिए एक ऐसी योजना पेश की है जिसकी कल्पना करना भी फिलहाल मुश्किल लगता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दामाद जैरेड कुशनर और विशेष प्रतिनिधि स्टीव विटकॉफ द्वारा तैयार इस योजना को ‘प्रोजेक्ट सनराइज’ नाम दिया गया है। इस महापरियोजना के तहत गाजा को करीब 9.3 लाख करोड़ रुपये (112 अरब डॉलर) की लागत से एक आधुनिक और एआई-आधारित स्मार्ट सिटी में बदला जाएगा। इसका उद्देश्य गाजा को न केवल मलबे से बाहर निकालना है, बल्कि उसे एक ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन और इकोनॉमिक हब बनाना है।

लग्जरी रिसॉर्ट, हाई-स्पीड ट्रेन और एआई ग्रिड; ऐसा होगा ‘नया गाजा’

प्रोजेक्ट सनराइज के तहत गाजा के भूमध्यसागरीय तट पर फाइव स्टार होटल, मरीना और लग्जरी बीच रिसॉर्ट बनाए जाएंगे। परिवहन व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए हाई-स्पीड ट्रेन नेटवर्क और आधुनिक मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट सिस्टम विकसित करने की योजना है। बिजली की किल्लत दूर करने के लिए पूरे शहर में सोलर एनर्जी आधारित स्मार्ट पावर ग्रिड लगाया जाएगा, जिसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंट्रोल करेगा। इतना ही नहीं, गाजा को एक डिजिटल इकोनॉमी बनाने के लिए वहां फ्री ट्रेड जोन, टेक्नोलॉजी हब और स्टार्टअप सेंटर्स स्थापित किए जाएंगे, ताकि स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिल सके।

10 साल का समय और अरबों का निवेश; हमास का निरस्त्रीकरण है बड़ी शर्त

यह मेगा प्रोजेक्ट अगले एक दशक (10 साल) में चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। कुल 112 अरब डॉलर की राशि में से लगभग 60 अरब डॉलर (5 लाख करोड़ रुपये) की मदद सीधे अमेरिकी सरकार ग्रांट और कर्ज की गारंटी के रूप में देगी। बाकी पैसा खाड़ी देशों और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के माध्यम से जुटाया जाएगा। हालांकि, इस शानदार दिखने वाली योजना के पीछे कुछ कड़ी शर्तें भी हैं। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि इस प्रोजेक्ट को जमीन पर उतारने की पहली शर्त हमास का पूर्ण निरस्त्रीकरण है। साथ ही, निर्माण कार्य के दौरान गाजा की 20 लाख की आबादी को अस्थायी रूप से कहीं और बसाना और करोड़ों टन मलबा हटाना एक हिमालयी चुनौती साबित होने वाली है।

युद्ध की त्रासदी और भविष्य की उम्मीद; क्या सफल होगा अमेरिका का दांव?

गाजा युद्ध में अब तक 65 हजार से ज्यादा फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है और करीब 90 प्रतिशत आबादी बेघर है। ऐसे में अमेरिका की यह योजना गाजा के लोगों के लिए एक नई सुबह का दावा करती है। राष्ट्रपति ट्रम्प ने पहले ही एआई वीडियो के जरिए इस स्मार्ट सिटी की झलक दुनिया को दिखा दी है। विशेषज्ञ इस योजना को ‘मिडिल ईस्ट का सिंगापुर’ बनाने की कोशिश के रूप में देख रहे हैं। हालांकि, गाजा की वर्तमान राजनीतिक और सुरक्षा स्थिति को देखते हुए यह सवाल अब भी बना हुआ है कि क्या गोलियों की गूंज के बीच आलीशान होटल और हाई-स्पीड ट्रेन का सपना हकीकत बन पाएगा?

इस खबर को भी पढ़ें : UN की नई मंजूरी से गाजा में शांति की उम्मीद, अब अरब लीग भी साथ में!

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram