अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News: राजधानी रांची के पॉश इलाके अरगोड़ा-कटहल मोड़ रोड पर शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ‘पर्ल ऑर्किड’ अपार्टमेंट की 12वीं मंजिल से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते धुएं का काला गुबार पूरी इमारत को अपनी आगोश में लेने लगा। बहुमंजिला इमारत के सबसे ऊपरी फ्लोर पर लगी इस आग ने न केवल अपार्टमेंट के निवासियों को, बल्कि पूरे मोहल्ले को दहशत में डाल दिया। गनीमत यह रही कि समय रहते दमकल विभाग को सूचित किया गया, जिससे एक बड़ी त्रासदी टल गई।
इस खबर को भी पढ़ें : हीटर से लगी आग का भयानक अंजाम! धनबाद में 3 मंजिला मकान में 2 की मौ’त
ऊपरी मंजिल से चीख-पुकार; फ्लैट्स छोड़कर जान बचाने सड़कों पर आए लोग
आग इतनी भीषण थी कि 12वीं मंजिल की खिड़कियों से आग के गोले गिरते दिखाई दे रहे थे। अपार्टमेंट में रहने वाले सैकड़ों लोग अपने-अपने फ्लैट्स छोड़कर सीढ़ियों के जरिए नीचे की ओर भागने लगे। अफरातफरी के माहौल के बीच स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को खाली कराया गया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या गैस लीकेज बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होनी अभी बाकी है।
दमकल की कई गाड़ियों ने पाया काबू; जानमाल का बड़ा नुकसान टला
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुँचीं। ऊंची मंजिल होने के कारण दमकल कर्मियों को पानी की बौछारें पहुँचाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने या झुलसने की कोई खबर नहीं है। फिलहाल, अपार्टमेंट के अग्नि सुरक्षा उपकरणों (Fire Safety Equipment) की जांच की जा रही है कि वे हादसे के वक्त काम कर रहे थे या नहीं।

