अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News: झारखंड आंदोलन के पुरोधा स्व. विनोद बिहारी महतो की पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को सिल्ली स्टेडियम ‘गूंज सेवा, सम्मान सह सांस्कृतिक महोत्सव’ के रंग में सराबोर हो गया। आजसू पार्टी के सुप्रीमो और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने विनोद बाबू की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर इस तीन दिवसीय उत्सव का आगाज किया। उद्घाटन के साथ ही पूरा क्षेत्र ढोल-नगाड़ों और झारखंडी लोक गीतों की गूंज से जीवंत हो उठा।
विनोद बाबू के सपनों का झारखंड और सामाजिक पुनर्जागरण: सुदेश महतो
महोत्सव को संबोधित करते हुए सुदेश महतो भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि ‘गूंज’ केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने और समाज को नई दिशा देने की एक गंभीर पहल है। उन्होंने जोर देकर कहा कि विनोद बाबू ने जिस झारखंड का सपना देखा था, वहां की लोक कला, युवा शक्ति और महिला सशक्तिकरण को मंच देना ही गूंज महोत्सव का असली उद्देश्य है। विशिष्ट अतिथि प्रवीण प्रभाकर ने भी सुदेश महतो के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज ‘गूंज’ की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर बन चुकी है।
सेवा का संकल्प: पहले ही दिन सैकड़ों लोगों को मिला लाभ
महोत्सव का पहला दिन पूरी तरह सेवा भाव को समर्पित रहा। सिल्ली स्टेडियम में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में मानवता की सेवा का अनूठा नजारा दिखा। शिविर के पहले दिन 545 जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 155 मरीजों की जांच कर मुफ्त दवाइयां दीं, वहीं आई कैंप में 128 लोगों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से 17 गंभीर मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। सुदेश महतो ने खुद इन शिविरों का बारीकी से निरीक्षण किया और लोगों का हाल जाना।
20 दिसंबर को ऐतिहासिक पल: राज्यपाल करेंगे प्रतिमा का लोकार्पण
महोत्सव का मुख्य आकर्षण 20 दिसंबर को होगा, जब सोनाहातु में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार विनोद बिहारी महतो की 9 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस ऐतिहासिक पल के गवाह केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी समेत कई दिग्गज बनेंगे। बता दें कि यह महोत्सव अगले दो दिनों तक जोन्हा और सोनाहातु में अपनी छटा बिखेरेगा, जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों और कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। उद्घाटन सत्र में जिप उपाध्यक्ष वीणा चौधरी समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

