फॉण्ट कनवर्टर NEW

रांची के बच्चों का कमाल! ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की वीरता देख सेनाध्यक्ष गदगद

Ranchi News: राजधानी दिल्ली के आसमान तले आज झारखंड की मिट्टी की खुशबू और वहां के बच्चों का राष्ट्रप्रेम साफ नजर आया। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के आवास पर आयोजित दो दिवसीय ‘वीर रंग’ प्रदर्शनी का आज भव्य समापन हुआ। यह प्रदर्शनी केवल चित्रों

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi News: राजधानी दिल्ली के आसमान तले आज झारखंड की मिट्टी की खुशबू और वहां के बच्चों का राष्ट्रप्रेम साफ नजर आया। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के आवास पर आयोजित दो दिवसीय ‘वीर रंग’ प्रदर्शनी का आज भव्य समापन हुआ। यह प्रदर्शनी केवल चित्रों का संग्रह नहीं, बल्कि भारतीय सैन्य बलों द्वारा अंजाम दिए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के पराक्रम की एक जीवंत गाथा थी। सांसद कला महोत्सव के तहत रांची के 50 स्कूलों के 20,235 बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को कैनवास पर उतारकर भारतीय सेना को एक अनोखा ‘सलाम’ पेश किया।

सेनाध्यक्ष ने की सराहना: “बच्चों और सेना का अनमोल रिश्ता”

प्रदर्शनी के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय सेना के प्रमुख, जनरल उपेंद्र द्विवेदी पहुंचे। उन्होंने हर एक पेंटिंग का सूक्ष्मता से अवलोकन किया और बच्चों की रचनात्मकता देखकर भावुक हो गए। जनरल द्विवेदी ने कहा, “ये पेंटिंग हमारे बच्चों और सेना के बीच उस अटूट विश्वास और प्रेम को दर्शाती हैं, जो शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।” उन्होंने रांची के नन्हे कलाकारों के उज्जवल भविष्य की कामना की और इस पहल को पूरे देश के लिए एक प्रेरणा बताया।

कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल बोले: “अद्भुत है सुदूरवर्ती क्षेत्रों की यह कला”

केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी प्रदर्शनी में शिरकत की और बच्चों के सैन्य प्रेम की सराहना की। उन्होंने रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे नई पीढ़ी में राष्ट्रवाद की भावना और भी प्रबल होगी। श्री मेघवाल ने सुझाव दिया कि इस तरह के आयोजन पूरे देश में होने चाहिए ताकि सीमा पर खड़े जवान को पता चले कि देश का बच्चा-बच्चा उनके साथ खड़ा है।

अब रांची में सजेगी शौर्य की महफिल: संजय सेठ

इस सफलता से उत्साहित रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने घोषणा की कि सांसद कला महोत्सव अभी थमा नहीं है। उन्होंने बताया कि जल्द ही इस पूरी प्रदर्शनी को रांची ले जाया जाएगा ताकि वहां के लोग और पेंटिंग बनाने वाले बच्चे अपनी इस उपलब्धि को सबके साथ साझा कर सकें। श्री सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन में यह आयोजन मुमकिन हुआ है और अब रांची के शहरी व ग्रामीण स्कूलों में यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा।

दिग्गजों की मौजूदगी ने बढ़ाया मान

प्रदर्शनी में केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों का तांता लगा रहा। इस मौके पर अन्नपूर्णा देवी, सतीश चंद्र दुबे, प्रो. एसपी सिंह बघेल, रक्षा खडसे और टोकन साहू जैसे केंद्रीय मंत्रियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, भाजपा प्रवक्ता गौरव वल्लभ और सांसद मनीष जायसवाल ने भी बच्चों की कला को सराहा। कई अतिथियों ने तो मौके से ही बच्चों को फोन कर उन्हें शाबाशी दी, जिससे बच्चों का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram