अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News: झारखंड कांग्रेस को नई ऊर्जा और नई धार देने की कवायद के बीच राजधानी दिल्ली में एक अहम राजनीतिक मंथन हुआ। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से शिष्टाचार भेंट कर झारखंड की मौजूदा राजनीतिक परिस्थिति, संगठन की मजबूती और आगामी रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की।
पार्टी सूत्रों का मानना है कि यह मुलाकात झारखंड कांग्रेस को नई दिशा और निर्णायक गति देने की क्षमता रखती है। भेंट के बाद श्री साहू ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे जी के स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद से संगठन के प्रति उनका समर्पण और दृढ़ हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि संवैधानिक मूल्यों और जन अधिकारों की सशक्त आवाज है। इसे जन-जन तक पहुँचाना हमारा सामूहिक दायित्व है।उन्होंने बताया कि कांग्रेस का मूल लक्ष्य सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और आम लोगों के अधिकारों की रक्षा है। आने वाले दिनों में संगठन को गांव-गांव और घर-घर तक मज़बूत करने की योजना पर तेजी से काम होगा।
विशेषकर युवाओं, महिलाओं और किसानों को बड़ी संख्या में पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी झारखंड संगठन की गतिविधियों पर संतोष व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत कार्यकर्ताओं की निष्ठा और जनता का विश्वास है। टीम भावना के साथ संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखना होगा।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मुलाकात आगामी राजनीतिक परिदृश्य में झारखंड कांग्रेस को नई रणनीति, नई लय और नए उत्साह के साथ आगे बढ़ाने का संकेत देती है।

