अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
UP News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के मऊ चिरायल गांव से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। 6 वर्षीय बच्ची की हत्या ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या का कारण एक गुप्त संबंध का राज था, जिसे छुपाने के लिए मासूम की जान ले ली गई।
जानकारी अनुसार 3 सितंबर को मऊ चिरायल गांव निवासी श्रीकृष्ण उर्फ स्वामी की बेटी अनव्या उर्फ अरवी (6 वर्ष) घर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के दौरान अचानक लापता हो गई थी। घंटों तलाश के बाद उसका शव गांव के पास स्थित एक खाली कुएं से बोरे में बंद अवस्था में बरामद हुआ। इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
पुलिस जांच में बड़ा खुलासा
पुलिस के मुताबिक एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने मौके पर पहुंचकर टीम गठित की। जांच में सामने आया कि गांव की ही 33 वर्षीय महिला पिंकी शर्मा और उसके 17 वर्षीय नाबालिग प्रेमी के बीच पिछले तीन महीनों से संबंध थे। घटना वाले दिन पिंकी का पति और सास मथुरा गए थे, जबकि ससुर भी घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान पिंकी ने अपने प्रेमी को घर बुला लिया। इसी बीच मासूम बच्ची खेलते हुए कमरे में पहुंच गई और दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। बच्ची ने मासूमियत में कहा कि वह यह बात पिता को बताएगी। राज खुलने के डर से पिंकी और उसके प्रेमी ने मिलकर बच्ची का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को सफेद अंगोछे में लपेटकर एक बोरे में भरकर कुंए में फेंक दिया।
हत्या के दौरान बचाव में बच्ची ने पिंकी के हाथ को काट लिया। यही चोट का निशान पुलिस के लिए अहम सबूत साबित हुआ। पुलिस ने तफ्तीश के बाद पिंकी शर्मा और नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। महिला को जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह में रखा गया है।

